उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: पुराने स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 75 वर्षीय रिटायर्ड महिला जिंदा जली

उत्तरकाशी न्यूज़- जिले के मोरी तहसील क्षेत्र के आराकोट में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) परिसर में स्थित पुराने आवासीय भवन में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 75 वर्षीय महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतका की पहचान पार्वती जैन (75) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह इसी स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत थीं और कुछ समय पहले यहीं से सेवानिवृत्त हुई थीं।
रात करीब 12:58 बजे लगी आग
जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र, उत्तरकाशी की 29 सितंबर की सुबह 7:30 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार, आग मंगलवार देर रात करीब 12:58 बजे आराकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्थित पुराने आवासीय भवन में लगी। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
आग की चपेट में आईं 75 वर्षीय रिटायर्ड महिला
हादसे में पार्वती जैन की मौत हो गई। वह मूल रूप से देहरादून की रहने वाली बताई गई हैं और इसी स्वास्थ्य केंद्र से सेवानिवृत्त हुई थीं। जानकारी के अनुसार, वह पुराने आवासीय परिसर में ही रह रही थीं।
प्राथमिक जानकारी में बताया गया है कि घटना के समय कमरे में बिजली नहीं थी। क्षेत्र में अत्यधिक ठंड होने के कारण कमरे के अंदर आग जलाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
हिमाचल से भी बुलानी पड़ी फायर ब्रिगेड
आग इतनी भीषण थी कि स्थानीय फायर सर्विस के साथ हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू से भी फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। उत्तराखंड के मोरी और हिमाचल के रोहड़ू से पहुंची फायर सर्विस टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे में पार्वती जैन के अलावा किसी अन्य के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस और प्रशासन की ओर से आग लगने के स्पष्ट कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही पुराने आवासीय भवन की सुरक्षा व्यवस्था और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।






