उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड- भाजपा मुख्यालय के बाहर पार्किंग को लेकर विवाद, ड्राइवर को थप्पड़ मारने पर हंगामा

देहरादून न्यूज़- बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार को बड़ी संगठनात्मक बैठक के दौरान पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। भाजपा प्रदेश मंत्री की इनोवा क्रिस्टा पड़ोसी के घर के मुख्य गेट के सामने खड़ी होने से नाराज पड़ोसी की ड्राइवर से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर पड़ोसी ने ड्राइवर को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

 

जानकारी के मुताबिक, भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में पौड़ी, टिहरी और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों को लेकर महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक चल रही थी। बैठक में सांसदों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने के कारण भाजपा कार्यालय के आसपास वाहनों का दबाव बढ़ गया था।

 

 

करीब एक घंटे तक गेट के सामने खड़ी रही कार

बताया जा रहा है कि भाजपा प्रदेश मंत्री की इनोवा क्रिस्टा पड़ोसी के घर के मुख्य गेट के सामने खड़ी थी। करीब एक घंटे तक वाहन के चालक का इंतजार करने के बाद पड़ोसी ने ड्राइवर से गाड़ी हटाने को लेकर बातचीत की। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड- यह शिक्षा परिसर में एक साथ दिखाई दिए दो गुलदार, क्षेत्रवासी दहशत में, देखें वीडियो।

 

 

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पड़ोसी ने ड्राइवर को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर एकत्र हो गए। कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच विवाद और हंगामे की स्थिति बनी रही।

 

 

घर के गेट के सामने वाहन खड़ा करने से नाराज था पड़ोसी

पड़ोसी का कहना था कि भाजपा मुख्यालय में बड़ी बैठक होने के कारण आसपास बड़ी संख्या में वाहन खड़े किए गए थे। कई वाहन स्थानीय लोगों के घरों के गेट के सामने तक खड़े कर दिए गए, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी।

 

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि घर के मुख्य गेट के सामने वाहन खड़ा होने से आपात स्थिति में भी परेशानी हो सकती है। इसी बात को लेकर पड़ोसी ने वाहन हटाने की बात कही थी।

यह भी पढ़ें 👉  चिल्ड्रन्स एकेडमी की डायरेक्टर एग्जीक्यूटिव प्रियांशी पाठक को फिनलैंड के शिक्षा मंत्रालय द्वारा आमंत्रित कर किया सम्मानित

 

 

बड़ी बैठक के बावजूद पार्किंग व्यवस्था पर उठे सवाल

भाजपा मुख्यालय में तीन लोकसभा क्षेत्रों से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक के चलते बड़ी संख्या में वाहन पहुंचे थे। ऐसे में मुख्यालय के आसपास सड़क किनारे वाहनों की कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने बैठक के दौरान पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।

 

 

लोगों का कहना है कि बड़े कार्यक्रमों के दौरान पहले से पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि स्थानीय निवासियों को परेशानी न हो।

 

 

भाजपा कार्यालय प्रभारी बोले- घर के गेट के सामने गाड़ी खड़ी करना गलत

भाजपा प्रदेश मुख्यालय प्रभारी जगमोहन सिंह रावत ने कहा कि किसी के घर के गेट के सामने वाहन खड़ा करना गलत है। उन्होंने कहा कि नेताओं और कार्यकर्ताओं को खुद इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि वाहनों की पार्किंग से स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।

 

 

उन्होंने संभावना जताई कि किसी ने भूलवश पड़ोसी के घर के गेट के सामने वाहन खड़ा कर दिया होगा, जिससे विवाद की स्थिति बनी। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा का प्रदेश कार्यालय पिछले कई वर्षों से इसी स्थान पर संचालित हो रहा है और बड़े कार्यक्रमों के दौरान आसपास के लोगों को कभी-कभी इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में आयोजित श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव में उमड़े हजारों श्रद्धालु

 

 

भाजपा कार्यालय के बाहर अक्सर रहता है ट्रैफिक दबाव

बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर सामान्य दिनों में भी वाहनों का दबाव बना रहता है। पार्टी की बैठक या बड़े कार्यक्रम होने पर यहां स्थिति और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो जाती है। बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं के वाहन सड़क किनारे खड़े होने से यातायात प्रभावित होने के साथ ही स्थानीय लोगों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

 

 

मंगलवार को पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने एक बार फिर भाजपा मुख्यालय के आसपास पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर स्थायी समाधान की जरूरत को सामने ला दिया है।