उत्तराखंड: 30 की क्षमता वाली बस में मिले 103 यात्री! रुद्रपुर में चेकिंग के दौरान खुला बड़ा राज

ऊधम सिंह नगर में निजी बसों की ओवरलोडिंग और नियमों की अनदेखी के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार देर रात लालपुर के पास चेकिंग के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने एक लक्जरी बस को रोककर जांच की। बस में निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक यात्री सवार मिले।
जांच के दौरान सामने आया कि बस में 30 स्लीपर यात्रियों के सफर की क्षमता थी, लेकिन उसमें 103 यात्री सवार थे। यानी बस में निर्धारित क्षमता से 73 यात्री अधिक सफर कर रहे थे। बस बहराइच से पंजाब जा रही थी।
बिना परमिट और टैक्स चल रही थी बस
चेकिंग के दौरान बस के दस्तावेजों की जांच की गई तो कई अनियमितताएं सामने आईं। परिवहन विभाग के अनुसार बस का परमिट और टैक्स वैध नहीं था। यात्रियों से करीब 800 रुपये प्रति व्यक्ति किराया लिया गया था।
मामले में परिवहन विभाग ने बस का करीब 1.34 लाख रुपये का चालान किया। इसके बाद बस को सीज कर रुद्रपुर बस स्टेशन में खड़ा करा दिया गया। यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए उनके आगे के सफर के लिए वैकल्पिक बस की व्यवस्था भी कराई गई।
26 वाहनों के चालान, 6 वाहन सीज
परिवहन विभाग की टीम ने मंगलवार देर रात व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 26 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 6 वाहनों को सीज किया गया।
जांच के दौरान कुछ वाहनों में बिना परमिट, बिना टैक्स, फिटनेस की कमी, फायर सेफ्टी उपकरणों का अभाव और अनधिकृत बदलाव जैसी कमियां भी पाई गईं।
रात में चलने वाली बसों पर बढ़ी निगरानी
पिछले दो दिनों में लगातार ओवरलोड बसें पकड़े जाने के बाद परिवहन विभाग ने निजी बसों की निगरानी और बढ़ा दी है। खासतौर पर रात के समय लंबी दूरी के लिए संचालित होने वाली बसों की जांच के लिए टीमें तैनात की गई हैं।
एआरटीओ प्रवर्तन नवीन कुमार सिंह ने कहा कि गंभीर नियम उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ कार्रवाई केवल चालान तक सीमित नहीं रहेगी। जरूरत पड़ने पर परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन की फिटनेस के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।








