उत्तराखण्डगढ़वाल,

उत्तराखंड- यहाँ ट्रक के ब्लाइंड स्पॉट ने ली 55 वर्षीय महिला की जान, सिग्नल ग्रीन होते ही कुचली गई

देहरादून न्यूज़– राजधानी देहरादून में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। शिमला बाईपास चौक पर सिग्नल ग्रीन होते ही आगे बढ़े एक ट्रक ने सड़क पार कर रही महिला को कुचल दिया। हादसे की वजह ट्रक का ब्लाइंड स्पॉट बताया जा रहा है, जिसके चलते चालक महिला को देख नहीं पाया। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

 

हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे शिमला बाईपास चौक पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ट्रक के ठीक सामने से सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान ट्रैफिक सिग्नल ग्रीन हुआ और चालक ने ट्रक आगे बढ़ा दिया। ट्रक का अगला हिस्सा काफी ऊंचा होने के कारण महिला ड्राइवर की नजर में नहीं आ सकी और वह उसकी चपेट में आ गई।

यह भी पढ़ें 👉  त्योहारी सीजन से पहले उत्तराखंड में लागू होंगी नई GST दरें, आम आदमी को मिलेगा फायदा

 

ब्लाइंड स्पॉट बना हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि ट्रक का फ्रंट हिस्सा ऊंचा होने की वजह से सामने मौजूद व्यक्ति ड्राइवर को दिखाई नहीं देता। महिला वाहन के बेहद नजदीक और नीचे होने के कारण ब्लाइंड स्पॉट में आ गई, जिससे यह हादसा हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर आईएसबीटी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से दून अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  यहाँ आयोजित तीन दिवसीय हल्दूचौड़ महोत्सव में अक्की नेगी बने नैनीताल बेस्ट डांसर, हर्षवर्धन ने दूसरा, नमन व विराट ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

पुलिस ने ट्रक (संख्या UK07CB0196) को मौके से कब्जे में ले लिया है।

 

बेटी के घर से लौटते समय हुआ हादसा
मृतका की पहचान मुर्शिदुल निशा (55) पत्नी स्वर्गीय मो. कमर, निवासी बंसल होम, शिमला बाईपास, पटेलनगर के रूप में हुई है। मृतका के बेटे मो. अकील ने बताया कि उनकी मां सुबह अपनी बड़ी बेटी के घर चूना भट्टा गई थीं। लौटते समय सहारनपुर रोड से शिमला बाईपास की ओर जाते हुए वह सड़क पार कर रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।

अकील के मुताबिक, मां ने ट्रक को अपनी ओर आता देख बचने की कोशिश भी की, लेकिन वह उसकी चपेट में आ गईं।

यह भी पढ़ें 👉  Republic Day 2025: उत्‍तराखंड के इन 53 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को मिलेगा पदक, यहां देखें पूरी लिस्‍ट

 

पहले से दुखों में डूबा था परिवार
मृतका का परिवार पहले ही कई दुख झेल चुका है। उनके पति और एक बेटी की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में अब दो बेटे और दो बेटियां हैं। बेटा अकील फैब्रिकेशन का काम करता है। मां की अचानक मौत से पूरा परिवार सदमे में है।

 

चालक फरार, तलाश जारी
पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।