उत्तराखंड- यहां तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत; चालक फरार

ऊधम सिंह नगर के गदरपुर बाईपास पर सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर के वार्ड नंबर सात शिवनगर निवासी कमल अपनी मां रामबेटी (50) को चिकित्सकीय परामर्श के लिए गदरपुर लेकर आए थे। उपचार और जांच के बाद मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे कमल अपनी मां को बाइक पर बैठाकर गदरपुर से रुद्रपुर लौट रहे थे।
पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि दोनों गदरपुर बाईपास पर पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में रामबेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रामबेटी को मृत घोषित कर दिया।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद फरार हुए कार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
कोतवाली प्रभारी भूपेंद्र बृजवाल ने बताया कि दुर्घटना के बाद फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि कार और उसके चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान होने के बाद उसे जल्द गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








