Uttarakhand Weather Update: आज पूरे उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट, पांच जिलों में ऑरेंज चेतावनी; ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने बुधवार को राज्य के सभी जिलों में बारिश, तेज हवाओं और गर्जना को लेकर चेतावनी जारी की है। खासतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अधिक खराब रहने की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और भारी से अति भारी बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। इसके अलावा 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि ऑरेंज और यलो अलर्ट वाले क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां गर्जना, बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर समेत मैदानी जिलों में भी कई स्थानों पर बारिश और तेज हवाओं के आसार हैं।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम
14 मई:
पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
15 मई:
मौसम विभाग ने 15 मई के लिए किसी विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहने और लोगों को बारिश से राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
16 मई:
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गर्जना हो सकती है। 4500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।








