मौसम अलर्ट: उत्तराखंड में यलो अलर्ट जारी, बारिश-ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली का खतरा, चारधाम यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह

देहरादून न्यूज़– उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के देहरादून केंद्र ने शनिवार के लिए राज्य के कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसके अलावा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं, पर्वतीय मार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि पर्वतीय इलाकों में तेज बारिश के दौरान भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़कों के बाधित होने जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली चमकने और ओलावृष्टि भी हो सकती है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं।
अगले तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
14 जून: प्रदेश के पहाड़ी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश होने के आसार हैं।
15 जून: उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में भी हल्की बारिश या गर्जना के साथ वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
16 जून: उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम सक्रिय बना रहेगा। यहां हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, सुरक्षित स्थानों पर रहने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है।








