हल्द्वानी के बनभूलपुरा में युवक की हत्या से हड़कंप, घर के अंदर मिला 29 वर्षीय अमन का शव; तार से गला काटने की आशंका

हल्द्वानी न्यूज़- बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के जवाहर नगर में एक युवक की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान 29 वर्षीय अमन ठाकुर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हापुड़ का रहने वाला बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक की हत्या तार से गला काटकर किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में भी सनसनी फैल गई। पुलिस को मामले के पीछे अवैध संबंधों को लेकर विवाद होने का शक है, हालांकि अभी हत्या की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही बनभूलपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस हत्या से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में एक महिला के दामाद से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की हत्या किन परिस्थितियों में हुई और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले में पूछताछ और जांच तेज कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और हत्या के तरीके की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। मामले को लेकर पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।








