हल्द्वानी में पेट्रोल पंप के सामने चलती कार में लगी आग, महिला और चालक ने कूदकर बचाई जान

हल्द्वानी न्यूज़- शहर के व्यस्ततम रामपुर रोड पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सिंधी चौराहे के पास पेट्रोल पंप के सामने एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार के बोनट से धुआं उठता देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। कार में सवार महिला और चालक समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, कार रामपुर रोड से बाजार की ओर जा रही थी। सिंधी चौराहे के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए चालक ने बिना देर किए कार रोक दी और दोनों सवार सुरक्षित बाहर निकल गए। इसके कुछ ही देर बाद कार के अगले हिस्से में आग की लपटें उठने लगीं।
पेट्रोल पंप कर्मियों ने दिखाई तत्परता
घटना पेट्रोल पंप के ठीक सामने होने के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग को फैलने से रोकने के लिए पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
इसी बीच घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और फायर कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कार में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
कार का अगला हिस्सा बुरी तरह जला
आग लगने से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, समय रहते कार सवारों के बाहर निकल आने और पेट्रोल पंप कर्मचारियों की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया।
पेट्रोल पंप के सामने कार में आग लगने की घटना ने कुछ देर के लिए रामपुर रोड पर लोगों में दहशत पैदा कर दी। यदि आग पेट्रोल पंप परिसर की ओर फैलती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।








