बारिश का असर: गौला-कोसी-नंधौर पर प्रशासन की नजर, नैनीताल में 5 सड़कें बंद

हल्द्वानी/नैनीताल- उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। नैनीताल समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश की संभावना जताई है। भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों व संवेदनशील क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
नैनीताल जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान नैनीताल (स्नो व्यू) में 47 मिमी, हल्द्वानी-काठगोदाम में 23 मिमी और कालाढूंगी में 22 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण जिले की पांच ग्रामीण सड़कें यातायात के लिए बाधित हैं। वहीं गौला, कोसी और नंधौर नदियों के जलस्तर तथा बैराजों के डिस्चार्ज पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
नैनीताल में ये सड़कें बंद
बारिश के चलते डोबा-गोनियारो, झड़गांव-चकसानडुला, सलियाकोट-अर्नपा, कूल और महतोली गांव-मजूली मोटर मार्ग बाधित हैं। संबंधित विभागों की टीमें मार्गों को खोलने में जुटी हुई हैं। प्रशासन के अनुसार जल्द ही इन सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया जाएगा।
जिला आपदा प्रबंधन की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में अब तक बारिश से तीन जनहानि, छह भवनों को आंशिक नुकसान और 20 आंगन/दीवारों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। हालांकि विद्युत और पेयजल आपूर्ति फिलहाल सामान्य बनी हुई है।
पिथौरागढ़ में 23 सड़कें बंद
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण पिथौरागढ़ जिले में 23 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इनमें चीन सीमा को जोड़ने वाली दो बॉर्डर रोड और एक स्टेट हाईवे भी शामिल है।
धारचूला-तवाघाट-गुंजी सड़क कुलागाड़ में और थल-मुनस्यारी स्टेट हाईवे हरड़िया में बाधित हुआ। हालांकि धारचूला-तवाघाट-गुंजी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी गई है।
देहरादून और टिहरी में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोनों जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
रुद्रप्रयाग के केदारनाथ धाम और केदारघाटी, ऊधम सिंह नगर के खटीमा और रुद्रपुर, बागेश्वर, पिथौरागढ़, हरिद्वार और देहरादून समेत कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?
18 अगस्त: प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के तेज दौर आने की संभावना है।
19 अगस्त: बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन कई क्षेत्रों में तेज बारिश के दौर जारी रह सकते हैं।
20 अगस्त: प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के दौर आ सकते हैं।
प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील
मौसम को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, निचले इलाकों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से मौसम की स्थिति और सड़क मार्ग की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने को कहा गया है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।








