28 सितंबर से बैंक बंद रहने की आशंका, उत्तराखंड सरकार ने पहले ही जारी किया वेतन-पेंशन का आदेश

देहरादून न्यूज़- 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने सितंबर 2026 के वेतन और पेंशन का भुगतान 26 सितंबर तक करने के निर्देश दिए हैं। इससे बैंक हड़ताल के दौरान भुगतान प्रभावित होने की आशंका के बीच कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत मिलने की उम्मीद है।
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित है बैंक हड़ताल
केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय की ओर से जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। हड़ताल के दौरान बैंकिंग सेवाएं और लेन-देन प्रभावित हो सकते हैं। इसे देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने सितंबर माह का वेतन और पेंशन निर्धारित समय से पहले जारी करने के निर्देश दिए हैं।
25 सितंबर को जारी हुए निर्देश
प्रमुख सचिव वित्त रमेश कुमार सुधांशु ने 25 सितंबर को सभी जिलाधिकारियों के साथ-साथ कोषागार तथा पेंशन एवं हकदारी निदेशक को इस संबंध में निर्देश जारी किए। आदेश में कहा गया है कि राज्य सरकार के सभी कार्मिकों और पेंशनरों को सितंबर 2026 के वेतन एवं पेंशन का भुगतान 26 सितंबर, शनिवार तक कर दिया जाए।
समायोजन की जरूरत पड़ी तो अक्टूबर में होगा भुगतान
सरकार के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कर्मचारी या पेंशनभोगी के पूरे माह के वेतन-पेंशन का निर्धारण करने के बाद यदि किसी तरह के समायोजन की आवश्यकता सामने आती है, तो उसका समायोजन अक्टूबर 2026 के वेतन-पेंशन में किया जाएगा।
लेखांकन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
इसके साथ ही संबंधित विभागों और अधिकारियों को वेतन-पेंशन भुगतान से जुड़ी लेखांकन प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकार के इस फैसले से बैंक हड़ताल के दौरान सितंबर माह के वेतन और पेंशन के भुगतान को लेकर कर्मचारियों एवं पेंशनरों की चिंता कम होने की उम्मीद है।








