हल्दूचौड़- मलबे के निस्तारण की जांच के बीच पेड़ कटान की शिकायत, वन विभाग ने किया निरीक्षण

हल्दूचौड़ न्यूज़- उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) की हल्दूचौड़ स्थित सोयाबीन फैक्ट्री में मलबे के निस्तारण को लेकर चल रही जांच के बीच परिसर में पेड़ कटान की शिकायत सामने आई है। शिकायत के आधार पर शनिवार देर शाम वन विभाग की टीम ने फैक्ट्री परिसर पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया और कटे पेड़ों समेत अन्य स्थिति की जानकारी जुटाई। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री के संबंधित जिम्मेदार अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिले।
मौके पर मौजूद एक फैक्ट्री कर्मचारी ने अपने स्तर पर जानकारी देते हुए बताया कि पेड़ कटान के संबंध में विधायक की ओर से निर्देश दिए जाने की बात कही गई थी। कर्मचारी ने इस संबंध में एक लिखित पत्र उपलब्ध होने की जानकारी भी वन विभाग की टीम को दी। हालांकि, टीम के समक्ष प्रस्तुत पत्र वर्ष 2024 का बताया गया, जो पूर्व विधायक नवीन दुम्का की ओर से स्थानीय निवासी महेंद्र सिंह के आवेदन पर की गई संस्तुति से संबंधित बताया गया।
वन विभाग ने अब पेड़ कटान से संबंधित अनुमति और अभिलेखों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। टीम द्वारा मौके पर कटे पेड़ों की संख्या और प्रजाति का सत्यापन किए जाने के साथ यह भी जांच की जा रही है कि पेड़ काटे जाने से पूर्व संबंधित सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक अनुमति प्राप्त की गई थी या नहीं।
वर्ष 2024 में की गई उक्त संस्तुति का वर्तमान कटान से कोई संबंध है या नहीं और यदि इसके आधार पर कोई कार्रवाई की गई थी तो उसके लिए नियमानुसार आवश्यक अनुमति प्राप्त की गई थी या नहीं, यह अभिलेखों की जांच और सत्यापन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
गौरतलब है कि सोयाबीन फैक्ट्री परिसर में ध्वस्तीकरण से निकले मलबे के निस्तारण को लेकर पहले से विभागीय स्तर पर जांच चल रही है। इसी क्रम में स्थल निरीक्षण और संबंधित अभिलेखों की पड़ताल की जा रही है। अब पेड़ कटान की शिकायत सामने आने के बाद वन विभाग ने भी अपने स्तर से मौके की स्थिति और उपलब्ध अभिलेखों की जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग के निरीक्षण के बाद अब अनुमति संबंधी अभिलेखों और मौके पर मिली स्थिति के सत्यापन के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि पेड़ कटान के संबंध में निर्धारित प्रक्रिया और आवश्यक अनुमति का पालन किया गया था या नहीं।











