नैनीताल में सख्ती: बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल, डीएम के निर्देश पर सभी पेट्रोल पंपों पर लागू हुआ नियम
जिले के एंट्री प्वाइंट पर लगाए गए सूचना बोर्ड, बाइक रेंटल और यातायात नियमों को लेकर भी प्रशासन सतर्क

नैनीताल न्यूज़- सड़क सुरक्षा को लेकर नैनीताल जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिले में अब बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं मिलेगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू कर दिया गया है। इसके तहत जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पहुंचे बाइक सवारों को पेट्रोल देने से इनकार किया जा रहा है।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडे की ओर से जिला पूर्ति अधिकारी को इस संबंध में पत्र जारी किया गया था। इसके बाद जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर इस नियम को लागू कर दिया गया है। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ के सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं। परिवहन विभाग और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से इस अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
जिले के एंट्री प्वाइंट पर लगाए गए सूचना बोर्ड
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर टैक्सी संचालन और बाइक रेंटल से जुड़े नियमों की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड भी स्थापित किए गए हैं। इन बोर्डों के माध्यम से पर्यटकों और वाहन चालकों को जिले में लागू नियमों की पहले से जानकारी दी जा रही है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
हेलमेट नहीं पहनना बन रहा दुर्घटनाओं की बड़ी वजह
संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे ने बताया कि हाल के दिनों में जिले में दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में मौत और गंभीर रूप से घायल होने के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जांच में सामने आया कि अधिकांश मामलों में वाहन चालक हेलमेट नहीं पहने हुए थे। इसी को देखते हुए सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम को सख्ती से लागू किया गया है।
प्रशासन ने सभी दोपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें।







