उत्तराखण्डकुमाऊं,

नैनीताल में दर्दनाक हादसा: 6 साल के बेटे के सामने कोसी नदी में बह गए नायब सूबेदार, 3 किमी दूर मिला शव

नैनीताल न्यूज़- नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पूजा-पाठ के बाद हल्द्वानी लौट रहे सेना के नायब सूबेदार की कोसी नदी में नहाते समय पैर फिसलने से तेज बहाव की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के वक्त उनका छह साल का इकलौता बेटा भी मौके पर मौजूद था। पिता को नदी में बहता देख मासूम ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी।

 

 

पूजा-पाठ के बाद हल्द्वानी लौट रहे थे नायब सूबेदार

अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट क्षेत्र के कुंस्यारी निवासी 38 वर्षीय पृथ्वी पाल सिंह रावत सेना की एजुकेशन कोर में नायब सूबेदार के पद पर तैनात थे और वर्तमान में भटिंडा, पंजाब में उनकी पोस्टिंग थी। उनका परिवार हल्द्वानी के भगवानपुर में रहता है। बताया गया कि वे छुट्टी पर अपने पैतृक गांव पूजा-पाठ के लिए आए थे। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह रानीखेत से अपने परिवार और साथियों के साथ हल्द्वानी लौट रहे थे।

यह भी पढ़ें 👉  खटीमा- यहाँ STF की बड़ी कार्यवाही, 35 लाख की हेरोइन के साथ एक तस्कर को किया गिरफ्तार

 

 

कोसी नदी में नहाने के दौरान हुआ हादसा

बेतालघाट क्षेत्र में शहीद बलवंत सिंह मोटर मार्ग पर धारी-उडियार के पास पृथ्वी पाल सिंह रावत अपने छह वर्षीय बेटे ओम और साथियों धन सिंह, नरेंद्र सिंह व राजेंद्र सिंह के साथ कोसी नदी में नहाने के लिए रुक गए। इसी दौरान नहाते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में जा गिरे। तेज बहाव होने के कारण वह देखते ही देखते पानी में बह गए।

यह भी पढ़ें 👉  हल्दूचौड़ के चिल्ड्रंस एकेडमी के पाॅंच विद्यार्थियों का टेबल टेनिस में राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ चयन

 

 

साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नहीं बचा सके

हादसा होते ही साथ मौजूद लोगों ने पृथ्वी पाल सिंह को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कोसी नदी का बहाव तेज होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। वहीं, छह साल का बेटा ओम अपने पिता को नदी में बहता देख बेबस रह गया। घटना के तुरंत बाद परिजनों के साथ बेतालघाट थाना, खैरना पुलिस और SDRF को सूचना दी गई।

 

 

करीब तीन किलोमीटर दूर मिला शव

सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी तलाश के बाद घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर पत्थरों के बीच जवान का शव अटका मिला। SDRF जवानों ने शव को नदी से बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द किया।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं- यहाँ प्रशासन ने अब इस कॉलोनी को हटाने का नोटिस किया चस्पा, देखे आदेश

 

 

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, बेटे का रो-रोकर बुरा हाल

पुलिस टीम शव को गरमपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने पृथ्वी पाल सिंह रावत को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में पिता का शव देखते ही छह वर्षीय बेटा ओम बेसुध हो गया। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।