उत्तराखंड में 25 जून तक मौसम का येलो अलर्ट, कई जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी
40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। उत्तराखंड राज्य मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने राज्य के कई जिलों के लिए 25 जून तक येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 23 से 25 जून तक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं चम्पावत जनपद में भी मौसम के प्रभाव को देखते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में खुले स्थानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
विभाग ने विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों और संवेदनशील मार्गों पर यात्रा करते समय मौसम की ताजा जानकारी लेते रहने की अपील की गई है।
प्रशासन ने भी संबंधित जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।








