देहरादून- यहां मामूली विवाद में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या, वारदात के बाद भी मौके पर बैठा रहा आरोपी

देहरादून न्यूज़- डालनवाला क्षेत्र में गुरुवार दोपहर मामूली विवाद के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ, बल्कि वहीं बैठा रहा। चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर मकान मालिक को घटना का शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान सोनू पाल और आरोपी की पहचान रामजी पाल के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से अयोध्या के रहने वाले हैं और करीब तीन महीने पहले ही देहरादून आए थे। दोनों मोहनी रोड स्थित रिटायर्ड आईएफएस अधिकारी सीएल दीपक भसीन के घर के पीछे बने सर्वेंट क्वार्टर में रह रहे थे।
अक्सर होता था पति-पत्नी में विवाद
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है। उसने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर मनमुटाव होता रहता था। गुरुवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने धारदार हथियार से पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के समय दंपती के तीनों बच्चे स्कूल गए हुए थे।
चीखने की आवाज सुनकर मकान मालिक ने दी पुलिस को सूचना
गुरुवार दोपहर घर से अचानक चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मकान मालिक दीपक भसीन को कुछ अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि आरोपी घटनास्थल पर ही मौजूद था और वारदात के बाद भागने का प्रयास नहीं किया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
पत्नी करती थी घरेलू काम, पति था राजमिस्त्री
बताया गया है कि सोनू पाल रिटायर्ड आईएफएस अधिकारी के घर में साफ-सफाई समेत अन्य घरेलू काम करती थी। वहीं रामजी पाल राजमिस्त्री का काम करता था। परिवार करीब तीन महीने पहले ही अयोध्या से देहरादून आया था।
हथियार बरामद, पुलिस ने कराया सीन रीक्रिएट
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार बरामद कर लिया है। हथियार की बरामदगी के बाद पुलिस आरोपी को दोबारा घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां वारदात का सीन रीक्रिएट कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य घटना के पूरे घटनाक्रम को समझना और साक्ष्यों का मिलान करना है।
डालनवाला सीओ नितिन लोहानी के मुताबिक, फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।








