Uncategorizedअंतरराष्ट्रीयक्राइमदेश

मां की ममता हुई शर्मसार! प्रेमी के लिए 3 मासूम बच्चों को मिठाई में जहर देने का आरोप, मां गिरफ्तार

पंजाब के संगरूर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, यहां एक महिला पर अपने तीन बच्चों को मिठाई में जहरीला पदार्थ मिलाकर खिलाने और उनकी हत्या करने का आरोप है। जांच में महिला के कथित प्रेम संबंध का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका कथित प्रेमी फरार बताया जा रहा है।

 

 

सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुआ था कथित प्रेम संबंध

पुलिस जांच के अनुसार, बखोपीर रोड निवासी लवप्रीत कौर के जलालाबाद निवासी हरजीत सिंह के साथ कथित प्रेम संबंध थे। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। पुलिस का आरोप है कि महिला अपने प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करना चाहती थी और उसके तीन बच्चे इस रिश्ते में बाधा बन रहे थे।

 

 

रक्षाबंधन पर मिठाई में मिलाया गया जहरीला पदार्थ

पुलिस के मुताबिक, घटना 26 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन हुई। महिला की ननद त्योहार के मौके पर मिठाई के दो डिब्बे लेकर आई थी। एक डिब्बा उसने अपने भाई कुलविंदर सिंह के घर दिया, जबकि दूसरा डिब्बा दूसरे भाई के घर छोड़ दिया।

यह भी पढ़ें 👉  टांडा जंगल में मिली युवक की लाश की शिनाख्त, दिल्ली में करता था नौकरी – पुलिस ने तेज की जांच

 

 

बच्चों के पिता कुलविंदर सिंह ड्राइवर हैं और घटना के समय काम के सिलसिले में घर से बाहर थे। आरोप है कि इसी दौरान लवप्रीत कौर ने अपने बच्चों के लिए रखी मिठाई में जहरीला पदार्थ मिला दिया।

 

 

एक-एक कर तीनों बच्चों की मौत

जहरीली मिठाई खाने के बाद कुलविंदर सिंह के तीनों बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। इनमें 6 साल की जसनूर कौर, 5 साल का अरमानदीप सिंह और ढाई साल का रिहानदीप सिंह शामिल थे।

 

 

शुरुआत में परिवार ने इसे फूड पॉइजनिंग समझा और बच्चों का इलाज कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें पटियाला के राजेंद्रा अस्पताल और चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 30 अगस्त को अरमानदीप, 1 सितंबर को जसनूर और 11 सितंबर को रिहानदीप की मौत हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  GK- अगर मछली जल की रानी है तो जल का राजा कौन है, जानें यहां

 

 

दूसरे डिब्बे की मिठाई खाने वालों को कुछ नहीं हुआ

शुरुआत में बच्चों के पिता ने इसे फूड पॉइजनिंग का मामला समझते हुए पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू की।

 

 

हालांकि जांच के दौरान पुलिस को उस समय शक हुआ, जब मिठाई का दूसरा डिब्बा खाने वाले परिवार के किसी सदस्य की तबीयत खराब नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।

 

 

मोबाइल और सोशल मीडिया चैट से खुला कथित राज

पुलिस ने आरोपी महिला का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल और सोशल मीडिया चैट की जांच की। पुलिस का दावा है कि जांच में महिला और उसके कथित प्रेमी हरजीत सिंह के बीच बच्चों को लेकर हुई बातचीत सामने आई।

यह भी पढ़ें 👉  भारत पहुंचा चीन का HMPV खतरनाक वायरस, कर्नाटक में मिले 2 केस, ICMR ने की पुष्टि

 

 

पुलिस के अनुसार, इसी जांच के आधार पर महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर बच्चों को जहर देने की साजिश रचने का आरोप सामने आया।

 

 

आरोपी मां गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश जारी

पुलिस ने लवप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में उसके कथित प्रेमी हरजीत सिंह की तलाश की जा रही है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

 

 

पुलिस मामले में हत्या समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। तीन मासूम बच्चों की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।