उत्तराखंड में फिर बढ़ेगी बारिश की रफ्तार, 7 जिलों में यलो अलर्ट; भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने लगा है। पहाड़ से लेकर मैदान तक आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कई स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ तेज बौछारें पड़ने और आकाशीय बिजली चमकने की भी चेतावनी जारी की गई है।
हालांकि, पिछले दो दिनों से प्रदेश में भारी बारिश का दौर कुछ थमा हुआ है। रविवार को अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहे। पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर तेज बौछारें दर्ज की गईं। वहीं, देहरादून में दिनभर धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौनी चलती रही। हाथीबड़कला क्षेत्र में शाम के समय तेज बारिश हुई, जबकि अन्य इलाकों में भी घने बादल छाए रहे।
7 जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में यलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर तेज से अति तेज हो सकता है।
आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी चेतावनी दी है। कुछ क्षेत्रों में वर्षा का तीव्र से अति तीव्र दौर देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक रूप से संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।
हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी चेतावनी
मैदानी जिलों में भी मौसम पूरी तरह साफ रहने की उम्मीद नहीं है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में गर्जन के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में और तेजी आ सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से मौसम के अपडेट पर नजर रखने और भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।








