उत्तरायणी पर्व पर नैनीताल जनपद में कड़ी सुरक्षा, एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में सघन चेकिंग अभियान

नैनीताल न्यूज़- उत्तरायणी पर्व के अवसर पर 14 जनवरी 2026 को जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
एसएसपी के निर्देश पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं एसपी संचार रेवाधर मठपाल द्वारा जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
पर्व के मद्देनज़र जनपद के सभी प्रमुख भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों, मेला स्थलों, संवेदनशील स्थानों, होटल, ढाबे व मॉल आदि पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान को प्रभावी रूप से लागू किया गया है।
इसी क्रम में एसपी नैनीताल, एसपी हल्द्वानी एवं सीओ हल्द्वानी के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता सहित पुलिस टीम द्वारा तिकोनिया से मंगल पड़ाव, सदर बाजार, मीरा बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस द्वारा लगातार फुट पेट्रोलिंग एवं एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए चेकिंग के दौरान 81 पुलिस अधिनियम के अंतर्गत 11 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इसके अतिरिक्त सभी थाना क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान जारी है।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चेकिंग के दौरान पुलिस का सहयोग करें, आवश्यक पहचान पत्र साथ रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस चौकी या कंट्रोल रूम को दें।








