उत्तराखंड- यहाँ दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवक गंभीर घायल; जेई हल्द्वानी रेफर

चंपावत न्यूज़- चंपावत जिले में बाराकोट मोटर मार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। छमनिया स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए निजी वाहनों से घायलों को उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाया।
आमने-सामने की टक्कर में तीन युवक घायल
जानकारी के अनुसार, हादसा बाइक संख्या UK 15 C-9286 और एक बिना नंबर की बाइक के बीच हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में ककराली गेट, टनकपुर निवासी शेखर गंभीर रूप से घायल हो गए। शेखर निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर तैनात हैं।
शेखर की गंभीर हालत को देखते हुए उप जिला अस्पताल लोहाघाट में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया।
दो घायलों को चंपावत जिला अस्पताल भेजा
दूसरी बाइक पर सवार कलीगांव निवासी मयंक और लोहाघाट ट्रेजरी के पास रहने वाले हिमांशु भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय चंपावत रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद स्थानीय निवासी मोहन सक्टा, प्रकाश चंद्र, गोलू पांडेय, गौरी शंकर और राजू ने घायलों को निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाने में मदद की। उप जिला अस्पताल लोहाघाट में डॉ. नरेंद्र और डॉ. मानसी ने घायलों का उपचार किया।
फिलहाल हादसे में घायल तीनों युवकों को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। दुर्घटना में दोनों बाइकों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।








