उत्तराखण्डकुमाऊं,गढ़वाल,

उत्तराखंड में मौसम का अलर्ट: कई जिलों में बारिश, पिथौरागढ़ के सभी स्कूल बंद, अगले तीन दिन भी बदले रहेंगे हालात

देहरादून न्यूज़- उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। सोमवार सुबह राज्य के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में काले बादलों का डेरा बना हुआ है। लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए पिथौरागढ़ जिले में कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

 

 

सोमवार सुबह नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश हुई। वहीं रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी और पौड़ी जिलों में आसमान पर घने बादल छाए रहे। दूसरी ओर देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम साफ बना हुआ है।

 

 

पिथौरागढ़ में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिलाधिकारी ने कक्षा 12 तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। चंपावत जिले में भी देर रात से शुरू हुई बारिश सुबह करीब आठ बजे तक जारी रही।

यह भी पढ़ें 👉  यहाँ आंगन में खेल रहे 2 साल के मासूम को तेंदुए ने बनाया अपना निवाला, घर से करीब आधा किमी दूर मिला मासूम

 

 

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज राज्य के सभी जिलों में कहीं न कहीं बारिश होने की संभावना है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन और बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड सरकार ने सार्वजनिक की समान नागरिक संहिता की पूरी रिपोर्ट, बोले- समिति के अध्यक्ष- चार खंडों में उपलब्ध....इस वेबसाइट पर जाकर देखें

 

 

राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने, तेज गर्जन के साथ बारिश होने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। मैदानी जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।

 

 

गौरतलब है कि रविवार को भी प्रदेशभर में बारिश हुई थी, जबकि रुद्रप्रयाग और चमोली के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई थी।

 

 

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड-यहाँ दामाद को ससुरालियों ने बंधक बनाकर जमकर पीटा, जाने वजह

अगले तीन दिन का मौसम पूर्वानुमान

2 जून: राज्य के सभी जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना।

3 जून: पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

4 जून: पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मैदानी जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क बना रह सकता है।

 

 

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।