यहाँ पत्नी ने रची खौफनाक साजिश: खीर में नींद की गोलियां देकर पति की हत्या, बाथरूम में दफनाया शव, 45 दिन तक करती रही नाटक

उत्तर प्रदेश के आगरा से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिकंदरा क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति की कथित तौर पर खीर में 18 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के बाथरूम में गड्ढा खोदकर दफना दिया और ऊपर से फर्श बनवा दी। हैरानी की बात यह है कि महिला करीब 45 दिनों तक उसी बाथरूम का इस्तेमाल करती रही और पुलिस व परिवार के सामने पति की तलाश का नाटक करती रही।

मामले का खुलासा तब हुआ जब महिला के जेठ को उसके व्यवहार पर शक हुआ। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए महिला से सच्चाई बताने को कहा, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम का फर्श तुड़वाया। खुदाई के दौरान वहां से केवल कंकाल बरामद हुआ, क्योंकि शव पूरी तरह गल चुका था।
पति की हत्या के बाद बच्चों और सास को भेजा राजस्थान
मृतक सुरेंद्र कुमार शर्मा (44) मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे और आगरा के सिकंदरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, दो बेटियों और मां के साथ रहते थे।
आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि 17 मई की रात उसने पति को खीर में 18 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर खिला दीं। अगले दिन सुबह पति मृत मिला। इसके बाद उसने शव को कमरे से घसीटकर बाथरूम में ले जाकर गड्ढा खोदा और दफना दिया।
हत्या के बाद महिला ने अपने जेठ को फोन कर आगरा बुलाया, लेकिन उन्हें घर के अंदर नहीं आने दिया। उसने बच्चों और सास को घर से करीब 100 मीटर दूर भेज दिया, जहां से जेठ उन्हें राजस्थान ले गए। महिला ने झूठी कहानी गढ़ते हुए बताया कि सुरेंद्र उससे झगड़ा कर पांच हजार रुपये लेकर कहीं चले गए हैं।

8 दिन बाद लौटकर बाथरूम में बनवा दी नई फर्श
कुछ दिन बाद महिला भी राजस्थान चली गई। करीब आठ दिन बाद आगरा लौटकर उसने मजदूर बुलवाए और बाथरूम में नई फर्श बनवा दी, ताकि किसी को दफनाए गए शव की भनक न लगे।
पुलिस के साथ पति को खोजती रही, रोने का भी करती रही नाटक
19 मई को महिला भी राजस्थान चली गई। जब कई दिनों तक सुरेंद्र का कोई पता नहीं चला तो 26 मई को उनके बड़े भाई अनिल शर्मा ने गुमशुदगी दर्ज कराई।
जांच के दौरान आरोपी महिला पुलिस के साथ पति की तलाश करती रही, सीसीटीवी फुटेज देखती रही और बीच-बीच में रोकर खुद को बेगुनाह साबित करने की कोशिश करती रही। इसी दौरान उसके व्यवहार पर परिवार को शक होने लगा।
जेठ के भरोसा दिलाने पर कबूला जुर्म
शुक्रवार को अनिल शर्मा ने महिला से कहा कि यदि कोई परेशानी है तो वह खुलकर बताए, वह उसका साथ देंगे। इसके बाद महिला टूट गई और पति की हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाने की पूरी कहानी बता दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मजदूर बुलाकर बाथरूम का फर्श तुड़वाया। करीब 20 मिनट की खुदाई के बाद वहां से कंकाल बरामद हुआ।
महिला का दावा- पति शराब पीकर करता था मारपीट
पूछताछ में आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने हत्या की योजना बनाई और नींद की गोलियां मिलाकर खीर खिलाई, जिससे उसकी मौत हो गई।
फॉरेंसिक जांच के लिए बनाई गई टीम
पुलिस के अनुसार शव पूरी तरह गल चुका था, इसलिए मौके से केवल कंकाल बरामद हुआ। कंकाल की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। मामले की जांच जारी है।
एसीपी अमीषा सिंह ने बताया कि 26 मई को सुरेंद्र शर्मा की गुमशुदगी दर्ज हुई थी। जांच के दौरान पत्नी पर शक गहराया और पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। फिलहाल आरोपी महिला को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









